पवित्र बाइबिल CL (BSI)
|
| 1 |
| ‘तू दस परदों का एक निवास-स्थान बनाना। ये परदे पतले सूत से बुने हुए नीले, बैंजनी और लोहित रंग के वस्त्र के होने चाहिए। तू उन पर कुशलता से करूबों के चित्रों की कढ़ाई करना। |
| 2 |
| प्रत्येक परदे की लम्बाई बारह मीटर साठ सेंटीमीटर और चौड़ाई एक मीटर अस्सी सेंटीमीटर होगी। सब परदे एक ही नाप के होंगे। |
| 3 |
| पाँच परदे एक-दूसरे से जोड़े जाएँगे। इसी प्रकार शेष पाँच परदे भी एक-दूसरे से जोड़े जाएँगे। |
| 4 |
| पहले जुड़े हुए परदे के छोर में नीले रंग के फन्दे डाले जाएँगे। इसी प्रकार दूसरे जुड़े हुए परदे के छोर में भी नीले रंग के फन्दे डालना। |
| 5 |
| पहले जुड़े परदे में पचास फन्दे डालना, और दूसरे जुड़े परदे के छोर में भी पचास फन्दे डालना। फन्दे आमने-सामने होने चाहिए। |
| 6 |
| तू सोने के पचास अंकड़े बनाना, और जुड़े हुए परदों को इन अंकड़ों के द्वारा जोड़ देना जिससे पूरा निवास-स्थान एक बन जाए। |
| 7 |
| ‘तू निवास-स्थान के ऊपर, तम्बू के लिए बकरी के बाल के परदे बनाना। तू कुल ग्यारह परदे बनाना। |
| 8 |
| प्रत्येक परदे की लम्बाई साढ़े तेरह मीटर और चौड़ाई एक मीटर अस्सी सेंटीमीटर होगी। ये ग्यारह परदे एक ही नाप के होंगे। |
| 9 |
| तू पाँच परदों को एक-दूसरे से जोड़ना। इसी प्रकार शेष छ: परदों को परस्पर जोड़ना। किन्तु तू छठे परदे को तम्बू के सम्मुख दोहराकर लटका देना। |
| 10 |
| तू पहले जुड़े हुए परदे के छोर में पचास फन्दे डालना। ऐसे ही दूसरे जुड़े हुए परदे के छोर में पचास फन्दे डालना। |
| 11 |
| ‘तू पीतल के पचास अंकड़े बनाना। उन्हें फन्दों में डालकर तम्बू को जोड़ देना, जिससे वह एक बन जाए। |
| 12 |
| तम्बू के परदों का बचा हुआ भाग, आधा परदा, जो बच जाता है, वह निवास-स्थान की पिछली ओर लटकता रहेगा। |
| 13 |
| तम्बू के परदों की लम्बाई में बचा हुआ भाग निवास-स्थान के दोनों ओर, अगल-बगल, उसे ढांपने के लिए पैंतालीस सेंटीमीटर इधर, पैंतालीस सेंटीमीटर उधर लटकता रहे। |
| 14 |
| तू तम्बू के लिए मेढ़े और सूंस के पके हुए चमड़े का आवरण बनाना। |
| 15 |
| ‘तू निवास-स्थान के लिए बबूल की लकड़ी के सीधे-खड़े तख्ते बनाना। |
| 16 |
| प्रत्येक तख्ते की लम्बाई साढ़े चार मीटर, और चौड़ाई साढ़े सड़सठ सेंटीमीटर होगी। |
| 17 |
| उन्हें परस्पर जोड़ने के लिए प्रत्येक तख्ते में दो चूलें रहेंगी। तू निवास-स्थान के सब तख्तों में चूलें बनाना। |
| 18 |
| निवास-स्थान के लिए तख्ते इस प्रकार बनाना: निवास-स्थान के दक्षिणी भाग के लिए बीस तख्ते। |
| 19 |
| तू इन बीस तख्तों के नीचे चांदी की चालीस आधार-पीठिकाएँ बनाना। एक तख्ते के नीचे उसकी चूलों के लिए दो आधार-पीठिकाएँ और दूसरे तख्तों के नीचे भी उनकी दोनों चूलों के लिए दो-दो आधार-पीठिकाएँ। |
| 20 |
| निवास-स्थान की दूसरी ओर, उत्तरी भाग में बीस तख्ते: |
| 21 |
| उनके लिए भी चांदी की चालीस आधार-पीठिकाएँ बनाना। प्रत्येक तख्ते के नीचे दो आधार-पीठिकाएँ। |
| 22 |
| तू पश्चिमी दिशा में निवास-स्थान के पिछले भाग के लिए छ: तख्ते बनाना। |
| 23 |
| तू निवास-स्थान के कोनों के लिए पिछले भाग में दो तख्ते बनाना। |
| 24 |
| वे नीचे तो अलग-अलग होंगे, किन्तु ऊपर की ओर पहले कड़े पर जुड़े हुए होंगे। दोनों तख्तों का यही रूप होगा। ये दो कोने बनाएँगे। |
| 25 |
| यों आठ तख्ते, और चांदी की सोलह आधार-पीठिकाएँ होंगी: एक तख्ते के नीचे दो आधार-पीठिकाएँ, इसी प्रकार दूसरे तख्तों के नीचे दो-दो आधार-पीठिकाएँ। |
| 26 |
| ‘तू बबूल की लकड़ी की छड़ें बनाना। निवास-स्थान की एक ओर के तख्तों के लिए पांच, |
| 27 |
| दूसरी ओर के तख्तों के लिए पांच, तथा पश्चिम की ओर निवास-स्थान के पिछले भाग के तख्तों के लिए पांच। |
| 28 |
| तख्तों के बीचों-बीच, मध्यवर्ती छड़ निवास-स्थान के एक छोर से दूसरे छोर तक जाएगी। |
| 29 |
| तू तख्तों को सोने से मढ़ना। तत्पश्चात् तू उनके कड़ों को, जो छड़ों के जकड़-पट्टा होंगे, सोने के बनाना। तू छड़ों को भी सोने से मढ़ना। |
| 30 |
| तू निवास-स्थान को उसकी योजना के अनुसार खड़ा करना, जो तुझे पर्वत पर दिखाई गई है। |
| 31 |
| ‘तू नीले, बैंजनी और लोहित रंग के वस्त्र से, पतले सूत से बुने हुए वस्त्र से एक अन्त:पट बनाना। उस पर कुशलता से करूबों के चित्र काढ़ना। |
| 32 |
| तू उसे बबूल की लकड़ी के, और सोने से मढ़े हुए, चार खम्भों पर लटकाना। वे चांदी की चार आधार-पीठिकाओं में लगे हुए और सोने के छल्लों में फंसे हुए होने चाहिए। |
| 33 |
| तू अन्त:पट को अंकड़ों द्वारा लटकाना, और साक्षी-मंजूषा को अन्त:पट के पीछे भीतर ले आना। अन्त:पट तुम्हारे लिए पवित्र स्थान को महापवित्र स्थान से अलग करेगा। |
| 34 |
| तू महापवित्र स्थान में साक्षी-मंजूषा के ऊपर दया-आसन को रखना। |
| 35 |
| तू अन्त:पट के बाहर मेज को, और उसके सामने निवास-स्थान के दक्षिणी भाग में दीपाधार को रखना। उत्तरी भाग में मेज रखना। |
| 36 |
| ‘तू तम्बू के द्वार के लिए नीले, बैंजनी और लोहित रंग के वस्त्र से, पतले सूत से बुने हुए वस्त्र से, जिसपर बेल-बूटे काढ़े गए हों, एक परदा बनाना। |
| 37 |
| तू परदे के लिए बबूल की लकड़ी के, और सोने से मढ़े हुए, पांच खम्भे बनाना। उनके छल्ले सोने के होंगे। तू उनके लिए पीतल की पांच आधार-पीठिकाएँ ढालना। |
|
| नोट सहेजें |
https://beblia.bible:81/BibleAudio/hindiclbsi/exodus/026.mp3
40
26