पवित्र-स्थान में सेवा कार्य करते समय पहनने की सज्जापूर्ण पोशाकें; पुरोहित हारून की पवित्र पोशाक, और पुरोहित के रूप में सेवा कार्य के लिए हारून के पुत्रों की पोशाकें।’
प्रत्येक मनुष्य, जिसका हृदय उल्लसित हुआ, जिसकी आत्मा ने स्वेच्छा से देने को प्रेरित किया, वह मिलन-शिविर के उपयोग के लिए, उसकी समस्त सेवाओं और पवित्र पोशाकों के लिए प्रभु की भेंट ले आया।
स्त्री और पुरुष आए। जिनके हृदय इच्छुक थे, वे जुगनू, बालियाँ, अंगूठियाँ और कंगन आदि सब प्रकार के सोने के आभूषण लाए। जो जो व्यक्ति प्रभु को भेंट चढ़ाना चाहता था, उसने सोना चढ़ाया।
जिन मनुष्यों के पास नीले, बैंजनी और लोहित रंग के वस्त्र, पतले सूत से बुना हुआ कपड़ा, बकरी के बाल, मेढ़े की पकी हुई खाल, सूस का चमड़ा था, वे उन्हें ले आए।
जो व्यक्ति चांदी और पीतल की भेंट चढ़ा सकते थे, वे उनको प्रभु के लिए भेंट के रूप में लाए। जिस किसी के पास उपयोग में आनेवाली बबूल की लकड़ी थी, वह उसको लाया।
अत: जिन कार्यों को सम्पन्न करने का आदेश प्रभु ने मूसा के द्वारा दिया था, उनके लिए स्त्रियाँ और पुरुष, जिनके हृदय ने स्वेच्छा से देने को प्रेरित किया, भेंट ले आए। इस प्रकार इस्राएली समाज ने प्रभु को स्वेच्छा-बलि चढ़ाई।
प्रभु ने उनके हृदय में बुद्धि का प्रकाश भरा है कि वे उन सब कार्यों को करें, जिन्हें कुशल कारीगर, अभिकल्पी और नीले, बैंजनी और लोहित रंग के वस्त्रों पर, पतले सूत से बुने हुए कपड़ों पर बेल-बूटा काढ़ने वाले करते हैं, अथवा जिनको कोई भी बुनकर, कामगार या कुशल अभिकल्पी करता है।