प्रभु ने मूसा से कहा, ‘अपना हाथ बढ़ा और उसकी पूंछ से उसे पकड़।’ उन्होंने अपना हाथ बढ़ाकर उसे पकड़ा, और वह उनके हाथ में पुन: लाठी बन गई।’ प्रभु ने कहा,
‘इस प्रकार उन्हें विश्वास होगा कि उनके पूर्वजों के परमेश्वर, अब्राहम के परमेश्वर, इसहाक के परमेश्वर और याकूब के परमेश्वर, मुझ-प्रभु ने तुझे दर्शन दिया है।’
तत्पश्चात् प्रभु ने उनसे पुन: कहा, ‘अपना हाथ वस्त्र के भीतर छाती पर रख।’ मूसा ने वस्त्र के भीतर छाती पर अपना हाथ रखा। जब उन्होंने उसे बाहर निकाला तब उनका हाथ बर्फ के समान कोढ़ जैसा सफेद हो गया।
परमेश्वर ने कहा, ‘अब अपना हाथ फिर से वस्त्र के भीतर छाती पर रख।’ अत: मूसा ने पुन: अपना हाथ वस्त्र के भीतर छाती पर रखा। जब उन्होंने उसे छाती से बाहर निकाला तब वह उनके शेष शरीर के सदृश जैसा का तैसा हो गया।
यदि वे इन दोनों चिह्नों पर भी विश्वास न करें, और तेरी बात को न सुनें तो तू नील नदी का जल लेना और उसे सूखी भूमि पर उण्डेलना। जो जल तू नील नदी से लेगा, वह सूखी भूमि पर रक्त बन जाएगा।’
मूसा ने प्रभु से कहा, ‘हे मेरे स्वामी, मैं कुशल वक्ता नहीं हूं। मैं न पहले कभी था, और न जब से तू अपने सेवक से वार्तालाप करने लगा है, मैं हूं। मुझे बोलने में कठिनाई होती है और मेरी जीभ लड़खड़ाती है।’
तब प्रभु का क्रोध मूसा के प्रति भड़का। प्रभु ने कहा, ‘क्या लेवी के वंश का हारून तेरा भाई नहीं है? मैं जानता हूं कि वह अच्छे से बोल सकता है। देख, वह तुझसे भेंट करने को आ रहा है। जब वह तुझे देखेगा तब अपने हृदय में आनन्दित होगा।
मूसा वहां से चले गए। वह अपने ससुर यित्रो के पास लौटे। उन्होंने कहा, ‘कृपया, मुझे जाने दीजिए। मैं अपने भाई-बन्धुओं के पास, जो मिस्र देश में हैं, लौटूंगा। मैं जाकर देखूंगा कि क्या वे अब तक जीवित हैं।’ यित्रो ने मूसा से कहा, ‘शान्ति से जाओ।’
प्रभु ने मूसा से कहा, ‘जब तू मिस्र देश लौटेगा तब, देख, फरओ के सम्मुख उन सब आश्चर्यपूर्ण कार्यों को करना, जिनको करने का सामर्थ्य मैंने तुझे दिया है। किन्तु मैं उसका हृदय हठीला बनाऊंगा, और वह मेरे लोगों को नहीं जाने देगा।
पर सिप्पोरा ने एक तेज चकमक पत्थर लेकर अपने पुत्र का खतना किया और कटी हुई चमड़ी से मूसा का पैर स्पर्श किया। वह बोली, ‘निश्चय ही रक्त के मेरे दूल्हा आप हैं।’
प्रभु ने हारून को आदेश दिया, ‘मूसा से भेंट करने के लिए निर्जन प्रदेश की ओर जा।’ अतएव हारून गया। वह परमेश्वर के पर्वत पर मूसा से मिला और उनका चुम्बन लिया।