तथापि फरओ तुम्हारी बातें नहीं सुनेगा। तब मैं मिस्र देश पर अपना हाथ उठाऊंगा। मैं न्याय-निर्णय के महान कार्य करके अपनी सेना, अपने लोगों, इस्राएल के वंशजों को मिस्र देश से बाहर निकाल लूंगा।
‘जब फरओ तुमसे कहेगा, “अपने कथन के प्रमाण में आश्चर्यपूर्ण कार्य दिखाओ”, तब तू हारून से कहना, “अपनी लाठी उठा और उसे फरओ के सम्मुख फेंक कि वह लाठी अजगर बन जाए।” ’
अत: मूसा और हारून फरओ के पास गए। जैसी प्रभु ने उन्हें आज्ञा दी थी, वैसा ही उन्होंने किया। हारून ने फरओ और उसके दरबारियों के सम्मुख अपनी लाठी फेंकी। वह अजगर बन गई।
तू उससे कहना: इब्रानियों के परमेश्वर, प्रभु ने मुझे आपके पास भेजा है। उसने कहा है, “मेरे लोगों को जाने दे कि वे निर्जन प्रदेश में मेरी सेवा करें।” देख, अब तक तूने मेरी बात नहीं सुनी।
प्रभु ने मूसा से कहा, ‘हारून से कहना: अपनी लाठी ले और अपने हाथ को मिस्र देश के समस्त जल अर्थात् नदियों, नहरों, तालाबों और जल-कुण्डों पर उठा कि जल रक्त बन जाए। तब समस्त मिस्र देश में, लकड़ी और पत्थरों के जलपात्रों का जल रक्त बन जाएगा।’
जैसी प्रभु ने मूसा और हारून को आज्ञा दी थी, उन्होंने वैसा ही किया। हारून ने फरओ और उसके दरबारियों के सम्मुख अपनी लाठी उठाई और नील नदी के जल पर प्रहार किया। नील नदी का समस्त जल रक्त बन गया।
मिस्र देश के जादूगरों ने भी अपने तन्त्र-मन्त्र से वैसा ही किया। अतएव फरओ का हृदय हठीला बना रहा। उसने मूसा और हारून की बातें नहीं सुनीं, जैसा प्रभु ने कहा था।