अतएव उन्होंने भट्ठी से मुट्ठी-भर राख ली, और वे फरओ के सम्मुख खड़े हुए। मूसा ने आकाश की ओर राख उड़ाई तो वह मनुष्यों और पशुओं के शरीर पर फोड़े बनकर फूट पड़ी।
प्रभु ने मूसा से कहा, ‘सबेरे उठकर फरओ के सम्मुख खड़ा हो। तू उससे कहना, “इब्रानियों का परमेश्वर, प्रभु यों कहता है: मेरे लोगों को जाने दे कि वे मेरी सेवा करें।
अन्यथा मैं इस बार अपनी सब विपत्तियां तुझ पर, तेरे कर्मचारियों और तेरी प्रजा पर भेजूंगा जिससे तुझे ज्ञात हो जाए कि समस्त पृथ्वी पर मुझ जैसा कोई नहीं है।
अब तू कर्मचारियों को भेजकर अपने सब पशुओं को एवं तेरे पास मैदान में जो पशु हों, उन सबको सुरक्षित स्थान में पहुंचा दे। क्योंकि वे सब मनुष्य और पशु जो भीतर इकट्ठे न होकर बाहर मैदान में रहेंगे, उन पर ओलों की वर्षा होगी और वे मर जाएंगे।” ’
मूसा ने अपनी लाठी आकाश की ओर उठाई तो प्रभु ने मेघों की गरज के साथ ओले भेजे। विद्युत् धरती की ओर दौड़ी। इस प्रकार प्रभु ने मिस्र देश पर ओलों की वर्षा की।
ओलों की वर्षा होती रही। विद्युत् निरन्तर ओलों के मध्य चमकती रही। जब से मिस्र राष्ट्र बना तब से ओलों की ऐसी भीषण वर्षा समस्त देश में कभी नहीं हुई थी।
मूसा ने उससे कहा, ‘जैसे ही मैं नगर के बाहर जाऊंगा, प्रभु की ओर अपने हाथ फैलाऊंगा। तब मेघों की गरज बन्द हो जाएगी और ओले फिर न बरसेंगे, जिससे आपको ज्ञात हो जाएगा कि पृथ्वी प्रभु की है।