प्रभु, तूने मुझे जो सुनाया, वह मैंने सुना। प्रभु, तूने जो कार्य किया, वह मैंने देखा। प्रभु, इस कठिन समय में उसे पुन: कर। प्रभु, कठिन समय पर तू स्वयं को प्रकट करता है; क्रोध के समय तू अपनी दया को नहीं भूलता।
प्रभु, तू अपने अश्वों पर, अपने विजयी रथों पर क्यों सवार है? क्या तेरा कोप सरिताओं के प्रति है? क्या तू नदियों से नाराज है? क्या तू समुद्र से क्रुद्ध है?
यह मैंने सुना, और मेरा शरीर कांपने लगा। आवाज सुनते ही मेरे ओंठ कांपने लगे। सड़ायंध मेरी हड्डियों तक घुस गई। मेरे पैरों तले की जमीन खिसक गई। मैं चुपचाप उस दिन की प्रतीक्षा करूंगा, जब हमारे आक्रमणकारियों पर संकट आएगा।
यद्यपि अंजीर वृक्ष में फूल नहीं आए, अंगूर-लताओं में फल नहीं लगे, जैतून के फलों की फसल नहीं हुई, खेतों में भी अन्न नहीं उपजा, बाड़ों में भेड़-बकरी नहीं रही, और पशुशालाओं में गाय-बैल नहीं रहे,
प्रभु, स्वामी मेरा बल है; वह मेरे पैरों को हिरण के पैरों के सदृश गतिवान बनाता है। वह मुझे ऊंचे-ऊंचे स्थानों पर चलने का सामर्थ्य देता है। (मुख्य वादक के लिए। तांतयुक्त वाद्ययन्त्रों के साथ।)