वे भेंट की रोटी की मेज पर पूरा नीला वस्त्र बिछाएँगे, और उस पर परात तथा धूपदान एवं पेयार्पण की सुराहियाँ और चषक रखेंगे। निरन्तर अर्पित की जाने वाली रोटी भी मेज पर रखी जाएगी।
वे पवित्र-स्थान के सेवा-कार्य में प्रयुक्त होने वाले समस्त पात्रों को लेकर नीले वस्त्र में रख देंगे और उनको सूंस के चमड़े के आच्छादन से ढक देंगे। तत्पश्चात् उसको वाहक-खम्भे पर रखेंगे।
वे वेदी के समस्त पात्र, जो सेवा-कार्य में प्रयुक्त होते हैं, अंगीठियाँ, कांटे, कटोरे और फावड़ियाँ उस लोहित रंग के वस्त्र पर रखेंगे। तत्पश्चात् वे उसके ऊपर सूंस के चमड़े का आच्छादन बिछाएंगे। वे वेदी में डण्डे लगाएंगे।
जब पड़ाव के प्रस्थान के समय हारून और उसके पुत्र पवित्र-स्थान तथा उसके सब सामान को ढक देंगे, तब कहात वंशीय पुरुष उसको उठाने के लिए आएंगे। किन्तु वे पवित्र वस्तुओं का स्पर्श नहीं करेंगे, अन्यथा वे मर जाएंगे। मिलन-शिविर की ये ही वस्तुएँ कहात वंशीय पुरुष ढोकर ले जाएंगे।
‘पुरोहित हारून के पुत्र एलआजर पर द्वीप-प्रज्वलन के लिए तेल, सुगन्धित धूप-द्रव्य, निरन्तर अर्पित की जाने वाली अन्न-बलि और अभ्यंजन-तेल का दायित्व होगा। वह निवास-स्थान तथा उसके समस्त उपकरणों का, पवित्र-स्थान एवं उसके भीतर के सब पात्रों का निरीक्षण करेगा।’
तुम उनके साथ ऐसा व्यवहार करना जिससे जब वे परम पवित्र वस्तुओं के निकट आएंगे तब वे नहीं मरेंगे वरन् जीवित रहेंगे: हारून और उसके पुत्र भीतर जाएँगे और वे प्रत्येक व्यक्ति को उसका सेवा-कार्य तथा भार सौंपेंगे।
आंगन के परदे, निवास-स्थान तथा वेदी के चारों ओर के आंगन के द्वार का परदा, उनकी रस्सियाँ, और इन सबसे सम्बन्धित सेवा-कार्य की अन्य वस्तुएँ वहन करेंगे। जो कार्य इनसे होते हैं, वे उन कार्यों को भी करेंगे।
गेर्शोन वंशियों के समस्त कार्य, जिन्हें वे करेंगे तथा जिन वस्तुओं का भार वे वहन करेंगे, हारून तथा उसके पुत्रों के आदेशानुसार किए जाएंगे। जो वस्तुएँ वे वहन करेंगे, उनका दायित्व तू उन्हें सौंपना।
आंगन के चारों ओर के खम्भों, उनकी आधार-पीठिकाओं, खूंटों और रस्सियों तथा इनसे सम्बन्धित सेवा-कार्य की अन्य वस्तुओं को ढोकर ले जाएंगे। जो वस्तुएँ उन्हें वहन करना है, उनको नाम के साथ निर्धारित करना।
मिलन-शिविर में सेवा-कार्य करने वाले कहात वंशीय गोत्रों की संख्या, जिनको मूसा के माध्यम से सुनाए गए प्रभु-कथन के अनुसार मूसा और हारून ने गिना था, यही थी।
जो तीस वर्ष से पचास वर्ष तक की आयु के थे, जो मिलन-शिविर के आन्तरिक कार्यों को करने के हेतु सेवा-दल में भरती हो सकते थे, वस्तुओं का भार वहन कर सकते थे,
प्रत्येक व्यक्ति कार्य करने अथवा भार वहन करने के लिए प्रभु के कथन के अनुसार मूसा के द्वारा नियुक्त किया गया। जो आज्ञा प्रभु ने मूसा को दी थी, उसके अनुसार मूसा ने उनको गिना।