हे मेरे सच्चे सहकर्मी, मैं तुझसे भी विनती करता हूँ कि तू इन स्त्रियों की सहायता कर, जिन्होंने सुसमाचार फैलाने में मेरे, क्लेमेंस और मेरे अन्य सहकर्मियों के साथ, जिनके नाम जीवन की पुस्तक में लिखे हैं, मिलकर संघर्ष किया है।
अंततः हे भाइयो, जो बातें सच्ची हैं, जो आदरणीय हैं, जो न्यायसंगत हैं, जो पवित्र हैं, जो सुहावनी हैं, जो सराहनीय हैं, यदि कोई सद्गुण या प्रशंसायोग्य बातें हैं, तो उन पर ध्यान लगाया करो।
मैं प्रभु में बहुत आनंदित हूँ कि अब एक बार फिर मेरे प्रति तुम्हारी चिंता जागृत हुई है। निस्संदेह तुम्हें मेरी चिंता तो थी, परंतु उसे प्रकट करने का अवसर नहीं मिला।
मैं दीन-हीन दशा में रहना जानता हूँ, और बहुतायत में रहना भी। मैंने हर बात और सब परिस्थितियों में रहना सीख लिया है, चाहे तृप्त होना हो या भूखा रहना, बहुतायत हो या घटी।
हे फिलिप्पियो, तुम तो जानते ही हो कि सुसमाचार प्रचार के आरंभ में, जब मैं मकिदुनिया से विदा हुआ था, तो तुम्हें छोड़ कोई और कलीसिया लेन-देन के विषय में मेरे साथ सहभागी नहीं हुई।
मेरे पास सब कुछ है और बहुतायत से है। इपफ्रुदीतुस के द्वारा जो वस्तुएँ तुमने भेजी थीं उन्हें पाकर मैं तृप्त हो गया हूँ; वे तो मनमोहक सुगंध और ग्रहणयोग्य बलिदान हैं जिनसे परमेश्वर प्रसन्न होता है।